हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक शिक्षक को कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

रॉयल एनक्लेव गली नंबर आठ निवासी उत्तम सिंह परवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके दामाद महेंद्र सिंह चकलुवा, जो सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं, शनिवार शाम परिवार के साथ घरेलू सामान की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। एक दुकान में जाने के लिए सड़क पार करते समय पीछे से आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र सिंह उछलकर कार के शीशे से टकराए और फिर सड़क किनारे जा गिरे। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।

परिजन उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उत्तम सिंह ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दुर्घटना करने वाली कार की पहचान कर मुखानी पुलिस को तहरीर दी है।

थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।