देहरादून। शहर में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री पर रोक लगाने और औषधि विक्रय नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीमों ने क्लेमेंट्टाउन, प्रेमनगर और दून अस्पताल के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया।
यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की बिक्री पर निगरानी बढ़ाना तथा औषधि अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान कुल आठ मेडिकल फर्मों की जांच की गई।
जांच में कुछ दुकानों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें औषधि विक्रय से संबंधित दस्तावेजों और शर्तों के पालन में कमी शामिल रही। संबंधित फर्मों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिए गए कि वे अपने औषधि विक्रय लाइसेंस की सभी शर्तों का सख्ती से पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित फर्मों के विरुद्ध औषधि अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भी लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
एफडीए अधिकारियों ने बताया कि जनहित में इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति या फर्म नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
