रूद्रपुर। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई महापौर विकास शर्मा के संज्ञान में आई लगातार शिकायतों के बाद की गई, जिनमें नागरिकों ने धार्मिक स्थलों पर तय मानकों से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाने की बात कही थी।

महापौर के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने खेड़ा स्थित चांद मस्जिद, सीरगोटिया मस्जिद और पहाड़गंज क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान जिन स्थानों पर लाउडस्पीकर निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक आवाज में बजते पाए गए, उन्हें तत्काल उतरवा दिया गया।

नागरिकों की शिकायतों में बताया गया था कि अत्यधिक शोर के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और गंभीर रोगियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक अनिल जोशी, नगर निगम के जेई शिखर जोशी, जसवीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यवाही के बाद महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन धार्मिक आस्थाओं का पूरा सम्मान करता है, लेकिन नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित स्थलों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे, बावजूद इसके मानकों का पालन नहीं किया गया।

महापौर ने दोहराया कि यह अभियान किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध और नागरिकों की सुविधा व शहर के शांत वातावरण को बनाए रखने के लिए है। भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी।