dead body

उत्तराखंड के चमोली से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां राजकीय इंटर कॉलेज में एक शिक्षक का शव जली हुई हालत में मिला है। शिक्षक का शव मिलने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिक्षक का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप

चमोली के कुनिगाड़ क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज में स्कूल परिसर में एक शिक्षक का शव जली हुई अवस्था में मिला। शव के पास से ही एक डीजल का केन भी मिला है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह बच्चे जब स्कूल पहुंचे तो उन्होंने शिक्षक का जला हुआ शव वहां देखा। इसकी जानकारी बच्चों ने ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

स्कूल में ही अंग्रेजी का प्रवक्ता था मृतक

मृतक की पहचान कनक लिंगावल उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक राजकीय इंटर कॉलेज कुनिगाड़ में तैनात था और अंग्रेजी का प्रवक्ता था। जो कि टिहरी गढ़वाल का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। प्रथमदृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि अब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।