देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एसएससी एमटीएस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी (निवासी देहरादून) के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी कंप्यूटर हैकिंग और रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को नकल करवा रहे थे। गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के लिए करीब 10 लाख रुपये की राशि वसूलता था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसटीएफ को आशंका है कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
