देहरादून। नववर्ष 2026 के अवसर पर राज्य निगम कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। महासंघ ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हो रहे प्रशासनिक सुधारों, स्थिर शासन और निर्णायक प्रशासन की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड के लिए एक सकारात्मक दिशा बताया।

 

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा कुशल नेतृत्व में राज्य को उन्नति और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कामना की। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पाण्डे, मुख्यमंत्री के सचिव एवं पेयजल सचिव शैलेश बगौली तथा अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान से भी मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में बीते वर्षों में कई महत्वपूर्ण और जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता को भी मिला है।

उन्होंने कहा कि राज्य निगमों में कार्यरत कर्मचारी विकास की रीढ़ हैं और उनकी भूमिका को सशक्त करना राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। महासंघ ने विश्वास जताया कि प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद से नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा।

प्रतिनिधि मंडल में नंदलाल जोशी, बालेश कुमार, हरि सिंह, कुनाल शर्मा, मनोज कुमार, अमजद खां, अरविंद पायल, रविनन्दन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में प्रदेश की निरंतर प्रगति, प्रशासनिक स्थिरता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।