दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मेट्रो की नई लाइन पर सिग्नलिंग केबल चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना के चलते मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम पर असर पड़ा और सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित हो गईं। मामले में मेट्रो पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 मार्च की सुबह करीब 4:20 बजे की है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के ओसीसी/एमबी सिग्नल कंट्रोलर ने मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन से सिग्नलिंग केबल चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान टीम ने पास के जंगल में कुछ लोगों को तांबे के लिए केबल जलाकर तार निकालते देखा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी शेख शफीक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 170 से 180 मीटर जली हुई केबल बरामद की है।
मामले में आजादपुर मेट्रो स्टेशन से जुड़े पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और डीएमआरसी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जसबीर सिंह, एएसई/सिग्नलिंग, एल-8 एक्सटेंशन, एमआरएस मजलिस पार्क ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लगभग 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल गायब पाई गई।
पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है। साथ ही मेट्रो पुलिस और डीएमआरसी की टीम ने संवेदनशील स्थानों का संयुक्त सर्वेक्षण भी किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
गौरतलब है कि जिस मेट्रो लाइन पर चोरी की घटना हुई है, उसका उद्घाटन हाल ही में 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस दौरान दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई, जिसमें दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास शामिल है।
