नई दिल्ली। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विवादित ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने प्रदर्शन का बचाव करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। संगठन ने महात्मा गांधी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हम गांधी के वंशज हैं। शर्टलेस ही सही। कल भी लड़ रहे थे, आगे भी लड़ते रहेंगे।”
एक अन्य पोस्ट में यूथ कांग्रेस ने कहा, “जब सत्ता सुनने से मना कर दे, तो युवा उठ खड़े होते हैं। जब वे विरोध करते हैं तो देशभक्ति, जब हम करते हैं तो ‘नेशनल शेम’?” संगठन ने बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते जैसे मुद्दों पर सरकार की आलोचना की।
भाजपा ने यूथ कांग्रेस की इस कार्रवाई और सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष ने कहा कि यूथ कांग्रेस भारतीय समाज और भारत की अवधारणा के लिए अनुपयुक्त साबित हो रही है और उनके नैतिक पतन को देखकर महात्मा गांधी की आत्मा पीड़ा से व्याकुल होगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा घेरे को तोड़कर अंदर घुस गए थे और केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने अपनी शर्ट उतारकर समिट स्थल के भीतर प्रदर्शन किया और तस्वीरें खिंचवाईं। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लेकर बाहर कर दिया, ताकि अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कोई व्यवधान न हो।
इस समिट में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विदेशी प्रतिनिधिमंडल शामिल थे, जिसके चलते घटना ने राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी। सत्तारूढ़ गठबंधन ने इसे वैश्विक मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया, जबकि विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार करार दिया। घटना के बाद देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, राजनीतिक शालीनता और लोकतांत्रिक विरोध को लेकर बहस तेज हो गई है।
