देहरादून। देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि राजधानी देहरादून में आज यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। सुबह एक युवक की जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर आई थी, जिसने पूरे शहर को हिला दिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद चंद्रबनी में नाले में शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ व जांच अभियान तेज कर दिया गया है। मामले में जल्द खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
