रुद्रपुर। गूगल पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने एपीके फाइल डाउनलोड कराकर पहले मोबाइल हैक किया और इसके बाद खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिंह कॉलोनी गली नंबर चार निवासी कलमिंद्र सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की जनता इंटर कॉलेज के पास स्थित शाखा में है। वह अपने मोबाइल फोन में पीएनबी वन एप का उपयोग करते हैं।

उन्होंने बताया कि 27 और 28 फरवरी को जब उन्होंने मोबाइल पर एप खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुला। इसके बाद एक मार्च को उन्होंने गूगल पर पीएनबी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया।

आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए एक एपीके फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने को कहा और बैंक से संबंधित जानकारी भरने को कहा। जैसे ही उन्होंने बैंक डिटेल अपलोड की, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठग ने उनके खाते से आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब दो लाख रुपये निकाल लिए।

ठगी का एहसास होने पर कलमिंद्र सिंह ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और कॉल डिटेल के साथ संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गूगल से मिले अज्ञात नंबरों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध फाइल को डाउनलोड करने से बचें।