रुद्रपुर। रुद्रपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों और सामाजिक विश्वास पर गहरा आघात पहुंचाया है। यहां एक विवाहिता के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे देवर ने रची थी। चंद रुपयों के लालच में देवर ने अपनी ही भाभी को दोस्तों के हवाले कर दिया और अपराध के दौरान निगरानी करता रहा।

पुलिस जांच के अनुसार, घटना 22 फरवरी की रात की है। आरोपी देवर ने महिला को मेले में ले जाने का बहाना बनाकर घर से बाहर निकाला और लौटते समय शॉर्टकट का बहाना बनाकर किच्छा बाईपास की ओर ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके साथी आरोपियों ने तमंचे के बल पर सुनसान स्थान पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना के बाद से फरार चल रहे एक आरोपी अभय सक्सेना ने गिरफ्तारी के डर से ट्रेन में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। मंगलवार देर शाम नजीबाबाद-नगीना रेलवे स्टेशन के बीच जीआरपी की नियमित जांच के दौरान उसे संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। हालत बिगड़ने पर उसे नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर लाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कर लिए गए हैं। देवर को हिरासत में लेकर उसकी कॉल डिटेल रिपोर्ट खंगाली जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

You missed