देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के तहत शनिवार देर शाम दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंच गए। इस दौरान वे विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और सामाजिक व राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
डॉ. भागवत तिलक रोड स्थित जन कल्याण व्यास में ठहरे हैं, जहां वे रविवार सुबह तक प्रवास करेंगे। रविवार दोपहर दो बजे से वे नींबूवाला स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित “प्रमुख जनों के साथ संवाद” कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इस संवाद में मंत्रियों, विधायकों और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को अलग रखा गया है, ताकि नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ खुला और स्वतंत्र संवाद संभव हो सके।
दूसरे दिन होने वाले संवाद कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों को आमंत्रित किया गया है, जहां वे अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। दोनों ही दिन लगभग एक-एक हजार लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
आरएसएस के शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित ये संवाद कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के साथ विचारों के आदान-प्रदान और संगठन के दृष्टिकोण को साझा करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन और आयोजकों द्वारा कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
