हरिद्वार। हरिद्वार जिले के धनौरी क्षेत्र में तिरछे पुल के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नागल पलूनी निवासी सावन (पुत्र राजेश) अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धनौरी स्थित तिरछे पुल के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सावन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।