प्रदेश में शुक्रवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम की मार के चलते उत्तराखंड में छोटे-बड़े कुल 20 मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। इनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 10 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सभी मार्गों को खोलने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे अधिक मार्ग देहरादून जिले में बंद हैं। यहां दो राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हैं। उत्तरकाशी जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्यमार्ग और तीन ग्रामीण मार्ग बंद हैं।

ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) राड़ीटाप से औरछाबैंड तक तथा ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) गंगनानी से आगे बर्फबारी के कारण बंद पड़ा है। चमोली जिले में जोशीमठ-औली मार्ग और पौड़ी में एक राज्यमार्ग भी यातायात के लिए अवरुद्ध है। पिथौरागढ़ जिले में तीन मार्ग बंद हैं।

बर्फबारी और मलबा गिरने से विभिन्न स्थानों पर फंसे वाहनों और यात्रियों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित निकाला गया। उत्तरकाशी-लम्बगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में जेसीबी की मदद से फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुरोला-मोरी मार्ग पर फंसी करीब 200 गाड़ियों को निकाल दिया गया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।