नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश के कपास किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता है। राहुल गांधी ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि सरकार टैरिफ और व्यापार शर्तों को लेकर देश को गुमराह कर रही है।

राहुल गांधी ने बताया कि अमेरिका बांग्लादेश को कपड़ा निर्यात पर शून्य प्रतिशत टैरिफ की सुविधा दे रहा है, लेकिन इसके बदले बांग्लादेश को अमेरिकी कपास आयात करने की शर्त रखी गई है। उन्होंने दावा किया कि भारत के गारमेंट्स पर 18 प्रतिशत टैरिफ लागू किए जाने के बाद जब उन्होंने संसद में बांग्लादेश को दी जा रही विशेष रियायत पर सवाल उठाया, तो सरकार की ओर से जवाब मिला कि भारत को भी यही लाभ तभी मिल सकता है, जब वह अमेरिका से कपास आयात करे।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस अहम जानकारी को देश से क्यों छुपाया गया। राहुल गांधी ने कहा कि यदि भारत अमेरिकी कपास आयात करता है तो देश के कपास किसानों पर विपरीत असर पड़ेगा और वे आर्थिक रूप से बर्बाद हो सकते हैं। वहीं, यदि भारत ऐसा नहीं करता है, तो घरेलू टेक्सटाइल उद्योग अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकता है और उसे भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

इसके साथ ही राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश संकेत दे रहा है कि वह भारत से कपास आयात कम या बंद कर सकता है, जिससे भारतीय किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। उन्होंने सरकार से पारदर्शिता और किसानों व उद्योग के हितों की रक्षा करने की मांग की।