social media Influencer

इंडिया गॉट लेटेंट से जुड़े विवादों के सामने आने के बाद अब केंद्र सरकार सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के लिए नए नियम बनाने की तैयारी में है। जी हां अब भविष्य में कोई भी कंटेंट सोशल मीडिया पर अपलोड करने से पहले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर को सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना होगा।

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के लिए बनेंगे नए नियम

केंद्र सरकार इंडिया गॉट लेटेंट से जुड़े विवाद के बाद अब सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के लिए नए नियम बनाने का विचार कर रही है।इन नियमों के तहत कंटेंट को रेटिंग देना अनिवार्य किया जा सकता है। इस से ये पता चल पाएगा कि कंटेंट में किसी तरह के शब्दोंऔर दृष्यों का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही डिस्क्लेमर भी देना अनिवार्य किया जा सकता है।

इंडिया गॉट लेटेंट विवाद के बाद कोर्ट ने पूछा था सवाल

बीते दिनों इंडिया गॉट लेटेंट विवाद सुर्खियों में रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद केंद्र सरकार से सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता को रोकने के लिए क्या किया जा रहा है ? इसके लिए क्या कदम सरकार द्वारा उठाए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया को लेकर अलग से दिशा-निर्देश निर्धारित किए जा सकते हैं। इसके साथ ही कड़े कानूनी प्रावधानों पर भी काम चल रहा है।

जल्द आ सकता है कानून

माना जा रहा है कि इन प्रावधानों में यूजर्स को सोशल मीडिया कंपनी से कंटेंट को लेकर शिकायत करना का अधिकार होगा। अगर किसी वीडियो को लेकर शिकायत मिलती है तो कंपनी को उस वीडियो को जांच करने के बाद हटाना होगा। अभी तक 48 घंटों में वीडियो को हटाया जाता है। इस समय को 24 घंटे किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही 15 दिन के अंदर शिकायत का कंपनी को जवाब देना होगा।

इसके तहत करीब 40-50 लाख इंफ्ल्यूएंसर आएंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही ये नया कानून आएगा। इस कानून के लागू होने से कंटेंट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने से पहले सभी शर्तों को पूरा करना होगा। इस कानून में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी, डीपफेक, ऑनलाइन सुरक्षा जैसे मुद्दों के लिए अलग से कानून बनाए जाएंगे।