नैनीताल। नैनीताल जिले के मंगोली क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को आंदोलन के तीसरे दिन बजून क्षेत्र में महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि यदि बुधवार सुबह 10 बजे तक प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगी।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोले जाने का प्रस्ताव है, वह स्कूल के बेहद करीब है। ऐसे में यह न केवल बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक असर डालेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के सामाजिक माहौल को भी प्रभावित करेगा। उन्होंने इस प्रस्ताव को नियमों के विरुद्ध बताते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग की।

शाम के समय क्षेत्र में पहुंचे कुमाऊं आयुक्त को महिलाओं ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि तय समय सीमा तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। महिलाओं ने कहा कि चक्का जाम से यदि जनजीवन प्रभावित होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। आंदोलन को मिल रहे जनसमर्थन से प्रशासन पर जल्द निर्णय लेने का दबाव बढ़ता जा रहा है।