देहरादून। देहरादून जिला प्रशासन ने आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा का अवसर है और अतिथि देवो भवः की भावना से यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।

डीएम ने सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को 24 घंटे पंजीकरण सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात रहेंगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया है।