देहरादून। देहरादून के रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शनिवार को उनका शव हवालात के भीतर कंबल से बने फंदे में लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर पुलिस को लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। काफी समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो उसे थाने लाकर शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया।

कुछ समय बाद वह बेसुध अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हवालात के अंदर हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इधर, मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचकर आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा किया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।