देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) मेडिकल कॉलेज में पीजी छात्रा डॉ. तन्वी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को आरोपों के घेरे में आई नेत्र रोग विभाग की एचओडी डॉ. प्रियंका गुप्ता के बयान पटेल नगर थाने में दर्ज किए गए। इसके साथ ही पुलिस ने कॉलेज पहुंचकर साथी डॉक्टरों और बैचमेट्स से भी पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, डॉ. तन्वी ने मंगलवार देर रात कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में आत्महत्या कर ली थी। वह एमएस की पढ़ाई कर रही थीं। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद मृतका के पिता ने विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के तहत पुलिस टीम ने डॉ. तन्वी के करीबी साथियों से उसके हालिया व्यवहार और मानसिक स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई। कुछ डॉक्टरों को पूछताछ के लिए थाने भी बुलाया गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं व्यक्तिगत, शैक्षणिक और पेशेवर को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद मृतका का हृदय अग्रिम फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही घटनास्थल से बरामद इंजेक्शन के वायल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि साथी डॉक्टरों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी भी की जाएगी।