देहरादून में पुतला फूंका 1

शुक्रवार को बजट सत्र के दौरान संसद में संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बयान को लेकर प्रदेशभर में विरोध देखने को मिल रहा है। देहरादून से लेकर गैरसैंण तक आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंका। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने मंत्री अग्रवाल के इस्तीफे की मांग की है।

दून से गैरसैंण तक मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का विरोध

शुक्रवार को सदन में दिए गए संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बयान को लेकर प्रदेश में आज कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। देहरादून में आज महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन किया गया।

गोगी का कहना है कि कल जिस तरीके से बजट पर बहस के दौरान विपक्ष के विधायक के सवाल पर मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल बिखर गए। उन्होंने सदन की गरिमा भी नहीं रखी और पहाड़ के लोगों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया जो कि निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ये मांग करती है कि वो मंत्री का इस्तीफा लें। कांग्रेस का कहना है कि अगर मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया जाता है तो कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सड़क पर उतरेगा।

गैरसैंण समेत कई स्थानों पर फूंका पुतला

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कांग्रेसियों ने कैबिनेट मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल का पुतला फूंका। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण मुख्य चौराहे पर एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंक कर अपना विरोध जताया।

चमोली के गौचर में भी कांग्रेसियों ने आज मुख्य बाजार में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन किया। इस दौरान गौचर में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की। इसके साथ ही बागेश्वर, ऋषिकेश और पौड़ी समेत प्रदेश में कई स्थानों पर आज कैबिनेट मंत्री अग्रवाल का पुतला दहन किया गया।