देहरादून। बुधवार देर रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 149 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया और करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर 67 वाहनों को सीज भी किया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहरभर में बड़ी संख्या में पुलिस टीमों को तैनात कर अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 70 लोगों को विशेष रूप से हिरासत में लिया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। 143 वाहन चालकों से 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 157 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा, बिना सत्यापन के किरायेदार रखने और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को काम पर रखने वाले लोगों पर लगभग तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी ने छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी कि पढ़ाई के नाम पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
