देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अनुशासन और एकजुटता पर जोर देते हुए ‘एक परिवार-एक टिकट’ के फॉर्मूले को सख्ती से लागू करने का संकेत दिया है।

प्रदेश प्रभारी का हालिया दौरा रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पांच दिनों के प्रस्तावित कार्यक्रम को उन्होंने चार दिन में ही पूरा कर लिया और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर दिल्ली रवाना हो गईं। इस दौरान उन्होंने संगठन के विभिन्न स्तरों पर संवाद कर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए रोडमैप तैयार किया।

सूत्रों के मुताबिक, इस बार पार्टी टिकट वितरण में किसी भी तरह के दबाव में नहीं आएगी और परिवारवाद पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाएगी। इससे कई दिग्गज नेताओं के समीकरण बदल सकते हैं, जो अब तक अपने परिजनों के लिए टिकट सुनिश्चित कराते रहे हैं।

गुटबाजी खत्म करने के उद्देश्य से शैलजा ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि वे ‘मैं’ के अहंकार से ऊपर उठकर पार्टी के चुनाव चिह्न ‘पंजा’ को अपनी पहचान बनाएं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इस रणनीति से संगठन मजबूत होगा और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की नींव रखी जा सकेगी।