उत्तराखंड में एक बार फिर से तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। हरिद्वार में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर गंगनहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद मृतक का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
रूड़की में गंगनहर में कार गिरने से एक की मौत
मिली जानकारी के मुताबिक नारसन चौकी पुलिस को 4 जून सुबह गंगनहर में एक कार के गिरने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मश्क्कत के बाद पुलिस ने कार सवार का शव बरामद किया। मृतक की पहचान धर्मेंद्र पुत्र बलबीर सिंह निवासी भोगांव सहारा मैनपुरी उम्र 49 वर्ष के रूप में हुई है।
कार में कितने लोग सवार थे पुलिस लगा रही पता
कार गंगनहर में गिर गई थी और मौके से एक ही शव बरामद हुआ। जिस कारण ये पता नहीं लग पाया है कि कार में कितने लोग सवार थे। सिर्फ एक ही युवक सवार था या और लोग भी थे पुलिस इसका पता लगा रहा है। बताया गया है कि कार के पीछे के शीशे टूटे हुए थे और कार के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर अन्य कोई चोट के निशान नहीं थे।