हल्द्वानी। शहर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। शनिवार सुबह तेज रफ्तार थार वाहन ने सड़क किनारे खड़े एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना टीपी नगर चौराहा के पास सुबह करीब छह बजे की है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय जीवन पंत अपने काम से डहरिया रोड किनारे खड़े थे, तभी उत्तर प्रदेश नंबर की तेज रफ्तार थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पंत मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, थार वाहन चलाने वाला व्यक्ति एक पर्यटक बताया जा रहा है। मृतक की पहचान सत्यलोक कॉलोनी, डहरिया निवासी जीवन पंत के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।