कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार से देशभर में चर्चा में आए दीपक कुमार, जिन्हें लोग ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से जानते हैं, ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं और एकता व भाईचारे का संदेश दिया।
राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, *“हर इंसान, एक समान यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।”*
मुलाकात के बाद दीपक कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उनके जिम की मेंबरशिप लेने की बात भी कही, जिससे वह काफी उत्साहित हैं।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। हिंदू संगठन बजरंग दल ने दुकान के नाम ‘बाबा’ को लेकर आपत्ति जताई थी और नाम बदलने की चेतावनी दी थी। इस दौरान दीपक कुमार बुजुर्ग के समर्थन में खुलकर सामने आए और संगठन से अकेले भिड़ गए। इसी दौरान उन्होंने खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ कहकर संबोधित किया था, जिसके बाद उनका बयान देशभर में वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हुई।
राहुल गांधी पहले भी दीपक कुमार की तारीफ कर चुके हैं और उन्हें देश का “हीरो” बताया था। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी दीपक की सराहना करते हुए कहा था कि देश को दीपक जैसे और युवाओं की जरूरत है।
यह मुलाकात सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के संदेश के रूप में देखी जा रही है, जो मौजूदा सामाजिक माहौल में एक महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर उभरी है।
