चमोली। फायर सीजन शुरू होने से पहले नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की ओर से बुधवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के पास वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
मॉकड्रिल के तहत वन क्षेत्र के एक हिस्से में आग बुझाने की कार्रवाई की गई, जिसमें वन कर्मियों ने प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य फायर सीजन के दौरान संभावित वनाग्नि की स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। मॉकड्रिल से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
