हल्द्वानी। हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे मोहल्ले की दुकान से सामान लेने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात घर के पास किराये पर रहने वाले दो युवकों से हुई। आरोप है कि दोनों उसे घुमाने के बहाने कार में बैठाकर हैड़ाखान रोड की ओर ले गए। वहां कार में ही किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

जब देर रात तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो उठे और काठगोदाम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। हैड़ाखान रोड पर संदिग्ध अवस्था में खड़ी कार की तलाशी लेने पर किशोरी बेहोशी की हालत में मिली, जबकि दोनों आरोपी भी वाहन में मौजूद थे। पुलिस ने किशोरी को उपचार के लिए भेजा और मेडिकल परीक्षण के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर लिया गया है।