उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान के समीप आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पीछे बनी सरकारी कॉलोनी में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। टीन शेड और लकड़ी से निर्मित आवासीय भवनों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

आग लगने के दौरान घरों में रखे रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने अपने घर खाली कर आसपास के मकानों में शरण ली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, राजस्व विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

राजस्व उपनिरीक्षक के अनुसार आग सबसे पहले एक मकान में लगी, जिसके बाद तेजी से अन्य भवनों तक फैल गई। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

इस हादसे में तीन भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए और घरों में रखा सामान भी नष्ट हो गया। कॉलोनी में रहने वाले तीन परिवार प्रभावित हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड ने देर रात ही आग पर काबू पा लिया।

You missed