देहरादून। देहरादून के मांडूवाला क्षेत्र में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके ही पति ने की थी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को कट्टे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया था।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चार वर्ष पहले महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी, जिसके बाद उसने भी दूसरी शादी कर ली थी।
करीब एक वर्ष पहले महिला अपने दूसरे पति को छोड़कर दोबारा आरोपी के संपर्क में आई। एक महीने पहले वह अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ उसके पास रहने आ गई थी। महिला लगातार आरोपी पर उसकी दूसरी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
