प्रदेश में गुलदार का आतंक कम होने का नाम नहीं हो रहा है। आए दिन गुलदार लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। मंगलवार को रूद्रप्रयाग जिले में मखेत गांव के आश्रम तोक में गुलदार ने एक 65 वर्षीय महिला को मार डाला। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
यहां महिला को गुलदार ने बनाया निवाला
रूद्रप्रयाग में मखेत गांव के आश्रम तोक में अपने घर के पास ही बने बगीचे में निराई-गुड़ाई कर रही महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिस से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला पर गुलदार ने हमला किया इस से पहले की वो इसे समझती गुलदार महिला को अपने साथ घसीटते हुए ले गया।
खेत से दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव
करीब 7.30 बजे जब महिला का बेटा चंद्रशेखर दुकान से घर पहुंचा तो मां घर पर नहीं थी। उसने मां को आवाज भी लगाई लेकिन जवाब ना मिलने के बाद उसने बुजुर्ग पिता से पूछा कि मां कहां पर है। उन्होंने बताया कि उसकी मां खेत में गई थी। जिसके बाद वो मां को ढूंढते हुए खेत में गया। वहां पर खून देख उसके शोर मचाने पर गांव वाले भी वहां पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की गई। कुछ ही देर बाद महिला का शव खेत से करीब 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी पर रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के एसीएफ डॉ.दिवाकर पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
10 दिन पहले भी एक महिला को बनाया था शिकार
इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। इसके साथ ग्रामीणों में आक्रोश भी है। गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि दस दिन पहले भी गुलदार ने एक महिला को मार दिया था, लेकिन वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर तब कार्रवाई हो जाती तो आज ये घटना नहीं होती। बता दें कि 30 मई को डांडा गांव में रूपा देवी (59) को भी गुलदार ने घर के पास खेत में ही अपना निवाला बना लिया था। इस से पहले 25 फरवरी को भी देवल गांव में एक बुजुर्ग महिला को गुलदार ने शिकार बनाया था।