देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के एफआरआई परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी देहरादून ने लच्छीवाला टोल प्लाजा को 9 नवंबर को सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक निश्शुल्क रखने के आदेश दिए।
निर्देशों के अनुसार, इस अवधि में किसी भी निजी, व्यावसायिक या अन्य वाहन से टोल टैक्स नहीं वसूला गया। फास्टैग से भी कोई कटौती नहीं की गई। प्रशासन का उद्देश्य था कि सीमावर्ती व पर्वतीय जिलों से आने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति न बने और शहर में यातायात सुचारू रहे। शाम 6 बजे के बाद टोल प्लाजा पर सामान्य रूप से शुल्क वसूली पुनः प्रारंभ कर दी गई।
जिलाधिकारी के इस निर्णय से कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न नहींहुई।
