चमोली जिले में बद्रीनाथ के पास माणा में आए एवलांच के बाद मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन दिन भी जारी है। इसी बीच बड़ी खबर माणा से सामने आ रही है। हिमस्खलन की चपेट में आए एक घायल मजदूर की मौत हो गई है। जबकि रेस्क्यू किए गए एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एवलांच की चपेट में आए एक मजदूर की मौत
चमोली में हिमस्खलन के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बर्फ के बीच जिंदगियों को बचाने की कोशिश दूसरे दिन भी जारी है। इसी बीच एक घायल श्रमिक की मौत की खबर सामने आ रही है। जबकि एक की हालत नाजुक है। सभी घायलों को हवाई मार्ग से जोशीमठ पहुंचाया जा रहा है।
55 में से 47 को किया गया रेस्क्यू
लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव पीआरओ डिफेंस देहरादून की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक हिमस्खलन की चपेट में आए 55 मजदूरों में से 47 को रेस्क्यू कर लिया गया है। जिसमें से 23 मजदूरों को जोशीमठ पहुंचाया जा चुका है। जिसमें से एक की मौत होने की पुष्टि की गई है।
सीएम लगातार ले रहे अपडेट
सीएम पुष्कर सिंह धामी स्थिति के बारे में लगातार अपडेट ले रहे हैं। सीएम ने ग्राउंड जीरो पर पहुंच हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया। इसके साथ ही जोशीमठ पहुंच घायलों का हालचाल भी जाना। सीएम ने कहा कि चमोली में युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य किया जा रहा है। शनिवार सुबह पीएम मोदी ने भी सीएम धामी से स्थिति के बारे में फोन पर जानकारी ली।