देहरादून। क्षत्रिय करणी सेना ने प्रदेश में सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर कड़ा विरोध जताया है। संगठन के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश अध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शनिवार को कचहरी पहुंचकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
शुभम ठाकुर ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा एक गंभीर समस्या बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और एमडीडीए की भूमिका संदिग्ध है, जिसकी जांच होनी चाहिए। नदियों के आसपास के इलाकों में लगातार कब्जे बढ़ रहे हैं और रसूखदार लोगों को संरक्षण मिल रहा है, जबकि गरीबों पर ही कार्रवाई की जाती है।
ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी तो करणी सेना पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। मौके पर युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि सजवाण, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरिता कोठियाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
