कैलाश मानसरोवर रास्ता बंद

पिथौरागढ़ जिले में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पहाड़ी दरकने से बंद हो गया है। पहाड़ी दरकने के कारण भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए हैं। जिस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। रास्ते को खोलने की कोशिश की जा रही है। लेकिन भारी मात्रा में मलबा आने के कारण परेशानी हो ही है।

पहाड़ी दरकने से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद

कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद होने के कारण सैकड़ों की संख्या में यात्री मार्ग में फंसे हुए हैं। आपदा प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर ऐलागाड़ और कुलागाड़ के बीच में सोमवार देर रात विशालकाय चट्टान खिसककर सड़क पर आ गया। इससे वाहनों का संचालन ठप है।

आज देर शाम तक रास्ता खुलने की संभावना

आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन को जा रहे और लौट रहे यात्री मार्ग में ही फंसे हुए हैं। बीआरओ ने सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया है। विशालकाय चट्टान गिरने के कारण बंद मार्ग को आज देर शाम तक खुलने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।धारचूला के एसडीएम मंजीत सिंह ने बताया कि मार्ग पर भारी चट्टान गिरा हैं। बोल्डर और मलबा हटाने का कार्य जारी है। शाम तक सड़क को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

पांच साल बाद शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा

पिथौरागढ़ जिले के लिपुलेख पास से प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत वर्ष 2020 से संचालित नहीं हुई है। लेकिन इस बार पांच साल बाद ये यात्रा फिर से शुरू होने जा रही है। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 का संचालन कुमाऊं मण्डल विकास निगम द्वारा किया जाएगा। ये यात्रा दिल्ली से प्रारम्भ होकर पिथौरागढ़ के लिपुलेख पास मार्ग से संचालित की जाएगी। बता दें कि यात्रा 30 जून 2025 से शुरू होगी। जिसमें 50-50 व्यक्तियों के कुल 05 दलों (कुल 250 व्यक्तियों) द्वारा यात्रा की जाएगी।