नैनीताल। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। इसका असर अब देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में पर्यटन नगरी नैनीताल समेत पूरे कुमाऊं क्षेत्र में कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। इससे होटल व्यवसायियों और बड़े परिवारों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है।

कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के माध्यम से पूरे कुमाऊं में एलपीजी सिलिंडरों की सप्लाई की जाती है। जानकारी के अनुसार निगम की क्षेत्र में कुल 49 एजेंसियां हैं, जिनके जरिए 14.2 किलोग्राम के लगभग 3.50 लाख घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती है। वहीं 19 किलोग्राम के करीब दस हजार व्यावसायिक सिलिंडर भी वितरित किए जाते हैं। केवल नैनीताल में ही करीब 1400 व्यावसायिक सिलिंडरों की खपत होती है।

हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए पूरे कुमाऊं क्षेत्र में व्यावसायिक सिलिंडरों की सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है। ऐसे में नैनीताल के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पर्यटन सीजन नजदीक होने के कारण होटल व्यवसायियों को चिंता है कि यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो इसका सीधा असर होटल कारोबार और पर्यटकों की सुविधा पर पड़ सकता है।

होटल एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि इस मामले में जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। उनका कहना है कि यदि व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद रही तो पर्यटन सीजन में गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में खपत अधिक होने के कारण रोक समझ में आती है, लेकिन नैनीताल में इतनी ज्यादा खपत नहीं है। इसलिए उच्च स्तर पर इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

दूसरी ओर घरेलू गैस सिलिंडरों की सप्लाई को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की गई है। अब एक कनेक्शन पर 25 दिन में केवल एक बार ही सिलिंडर की डिलीवरी मिलेगी। इससे पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों में रहने वाले संयुक्त परिवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि इन परिवारों में गैस की खपत अपेक्षाकृत अधिक होती है।

केएमवीएन के गैस प्रबंधक रवि मेहरा ने बताया कि फिलहाल व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पूरी तरह रोक दी गई है। केवल स्कूलों और छात्रावासों को ही गैस उपलब्ध कराई जा रही है ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि घरेलू सिलिंडर भी अब 25 दिन में एक बार ही उपलब्ध कराया जाएगा।