अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम आज विभिन्न जनपदों में आपदा से हुई क्षति का आकलन और जायजा लेने के लिए देहरादून से प्रस्थान कर गई है। टीम थराली, धराली समेत तमाम जिलों में जाकर आपदा से हुए नुकसान की जानकारी लेगी।
अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम विभिन्न जनपदों के लिए हुई रवाना
आज सुबह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने एक बैठक के दौरान टीम को आपदा से हुई क्षति के बारे में एक प्रस्तुतिकरण दिया। जिसके बाद टीम विभिन्न जिलों में आकलन करने के लिए रवाना हो गई है। अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर व नैनीताल का भ्रमण करेगी।
संयुक्त सचिव गृह मंत्रालय कर रहे हैं टीम का नेतृत्व
अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम का नेतृत्व आर. प्रसना, संयुक्त सचिव गृह मंत्रालय कर रहे हैं। टीम के साथ अन्य छह सदस्य भी रहेंगे। जिनमें अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह, निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं।