देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मुख्य सचिव को अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा संवेदनशील और गंभीर रही है। उन्होंने तत्काल मुख्य सचिव को फोन कर सरकारी कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के इस कदम को सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कर्मचारी संगठनों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।
