जसपुर। जसपुर में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पति द्वारा दूसरी शादी करने की धमकी देने और पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम अंगदपुर निवासी नेहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह छह वर्ष पूर्व ग्राम रायपुर निवासी नागेंद्र सिंह के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब छह माह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज कम लाने का ताना देकर उसके साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता का कहना है कि उसका पति अक्सर पांच लाख रुपये की मांग करता था और मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी करने की धमकी देता था।
नेहा ने बताया कि विरोध करने पर करीब पांच वर्ष पहले भी ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। उस समय पंचायत में समझौता होने के बाद वह दोबारा ससुराल लौट गई थी।
पीड़िता के अनुसार चार मार्च को उसके पति नागेंद्र सिंह, ससुर अशोक, सास कुंजा देवी, देवर अंकुश, तहेरे देवर गोलू और देवरानी निशा ने उसे घर में घेर लिया और जान से मारने की नीयत से छत से नीचे धक्का दे दिया। इस घटना में उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।
मामले में एसपी काशीपुर स्वप्न कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर जसपुर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
