उत्तर प्रदेश। कुशीनगर जिले के हाटा नगर क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हाटा नगर के रायल पैलेस मैरिज हाल के सामने सुबह करीब चार बजे हुआ, जब तेज रफ्तार लग्जरी कार ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर के अंदर घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, कसया की ओर से गोरखपुर की ओर जा रहा ट्रेलर जैसे ही रायल पैलेस मैरिज हाल के सामने पहुंचा, तभी अहिरौली तुलादास क्षेत्र के सात युवक एक मांगलिक कार्यक्रम से लौटते हुए क्रेटा कार से हाटा की ओर आ रहे थे। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रेलर में जा घुसी।

हादसे में नितेश (20) पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी कपूर पिपरा, हरिंद्र (23) पुत्र पुरुषोत्तम और अमन (26) पुत्र श्रवण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज वर्मा (23), शैलेश वर्मा (19), मुकेश वर्मा (19) और विकास वर्मा (24) गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही कोतवाल संजय कुमार दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।