देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े कथित घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताएं हुईं और नियमों का उल्लंघन किया गया। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और प्रक्रियागत खामियों की पुष्टि हुई है। इसी रिपोर्ट और संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबन के आदेश जारी किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

सरकार के इस कदम को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।