महाराष्ट्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आरे कॉलोनी के जंगल में सड़क पर लावारिस हालत में मिली बुजुर्ग महिला के लापता होने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। क्योंकि 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को खुद उसके पोते ने ही जंगल में छोड़ दिया था।
अपनी ही दादी को जंगल में छोड़ आया पोता
आरे कॉलोनी के जंगल में सड़क पर लावारिस हालत में मिली एक बुजुर्ग महिला के लापता होने के पीछे की सच्चाई का पता मुंबई पुलिस ने लगा लिया है। मामले में पुलिस ने उसके ही पोते समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पहचान यशोधरा गायकवाड़ के रूप में हुई है।
ऐसे हुआ पोते के झूठ का पर्दाफाश
बता दें कि पोते ने ही शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दादी बिना बताए कहीं चली गई है। पुलिस को पोते के इस दावे पर शक हुआ। क्योंकि जिस हालत में पुलिस को वृद्धा मिली थी उसमें उनका अकेले मालाड से आरे जंगल तक पहुंचना संभव नहीं था। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो सीसीटीवी से पता चला कि पोता खुद अपनी दादी को जंगल में छोड़ आया था। जिसके बाद पुलिस ने पोते और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
दादी की कैंसर की बीमार से था परेशान
मिली जानकारी के मुताबिक कैंसर के कारण दादी की तबीयत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही थी। दादी की हालत खराब होने के साथ पोते के लिए 24 घंटे उनका ख्याल नहीं रखा जा रहा था। इसके साथ ही उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। जिस कारण वो दादी का इलाज भी नहीं करवा पा रहा था। रोज-रोज की परेशानियों से तंग आकर पोते ने ये कदम उठा लिया।