देहरादून। शहर में गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कमी का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ नजर आने लगा है। खासकर छोटे चाय-नाश्ते के दुकानदार इस संकट से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ती लागत के कारण उन्हें अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं, जिससे ग्राहकों पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

दुकानदारों के अनुसार, सिलिंडर की किल्लत के चलते बाजार में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसका सीधा असर चाय, समोसे और बिरियानी जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की कीमतों पर पड़ा है। स्थानीय दुकानदार आशीष ने बताया कि पहले 10 रुपये में मिलने वाली चाय अब 15 रुपये में बिक रही है, जबकि समोसे की कीमत 15 रुपये से बढ़कर 18 रुपये हो गई है।

इसी तरह, दुकानदार शुभम वर्मा ने बताया कि बिरियानी के दामों में भी बढ़ोतरी करनी पड़ी है। हाफ प्लेट, जो पहले 30 रुपये में मिलती थी, अब 40 रुपये में और 50 रुपये की फुल प्लेट अब 60 रुपये में बेची जा रही है।

गैस की कमी से परेशान कई छोटे दुकानदार अब पारंपरिक तरीकों की ओर लौटने लगे हैं। छोले-भटूरे विक्रेता रामब्रिज ने बताया कि उन्होंने गैस सिलिंडर का उपयोग कम कर दिया है और अब घर पर लकड़ी व कोयले पर खाना बनाकर दुकान पर लाकर बेच रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि जहां बड़े होटल और कैफे गैस का स्टॉक रख सकते हैं, वहीं छोटे व्यापारियों के पास यह सुविधा नहीं होती। लगातार बढ़ती कीमतों और कमी के चलते कई छोटे ठेले और टपरी संचालकों के सामने दुकान बंद करने की स्थिति तक आ गई है।