लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 12:45 बजे हुआ, जब ऊंचगांव (थाना खमरिया) निवासी लोग धौरहरा से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के कारण चालक को सामने का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और बसंतापुर पुलिया के पास टेंपो पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही धौरहरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने खुशबू (12), अबू तालिब (5) और अजरा (2) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में किस्मतुन (45), साकिया (20), सादिया (22), निदा (10) और अकील (18) निवासी ऊंचगांव तथा टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30) निवासी रसूलपुर शामिल थे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर किया गया, जहां चालक जीशान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे और वाहन की अनियंत्रित गति हादसे का संभावित कारण हो सकते हैं।