दिल्ली। मध्य पूर्व में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं के कारण कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट की जा रही हैं। इसी बीच दुबई और फुजैरा से दिल्ली आने वाली कुछ उड़ानें सुरक्षित रूप से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गईं।
दुबई से दिल्ली पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वहां सामान्य हालात थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अमेरिकी दूतावास के पास धमाके की खबर जरूर सुनने को मिली थी, लेकिन उसके अलावा स्थिति सामान्य दिखाई दी।
वहीं फुजैरा से आए एक अन्य यात्री ने अलग अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते रोककर नष्ट कर दिया। यात्री के अनुसार उस दौरान इलाके में सायरन बजने और मिसाइलों की आवाजें भी सुनाई दी थीं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया था।
फुजैरा से लौटे एक अन्य यात्री ने बताया कि वह काम के सिलसिले में दुबई गए थे, लेकिन वहां हालात तनावपूर्ण होने के कारण चिंता का माहौल था। उन्होंने बताया कि दुबई और अबू धाबी से कई उड़ानें रद्द हो जाने के कारण उन्हें फुजैरा से यात्रा करनी पड़ी।
कुछ यात्रियों ने बताया कि अमेरिकी दूतावास पर हमले की खबर के बाद वे काफी डर गए थे। हालांकि उन्होंने सुरक्षित वापसी में मदद के लिए सरकार और एयरलाइंस का आभार जताया।
दरअसल अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर पूरे मध्य पूर्व में देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कुछ के मार्ग बदल दिए गए हैं। दुबई और अबू धाबी जैसे प्रमुख हवाई अड्डों से भी उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
