देहरादून। उत्तराखंड से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है।

पत्र के अनुसार, देहरादून से इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध सभी घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है। नई उड़ानों के शुरू होने से न केवल तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राज्य में पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री से देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू समेत कई शहरों के लिए विभिन्न एयरलाइंस इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा प्रति सप्ताह लगभग 254 उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देश में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त कर दिया गया है, जिसके तहत एयरलाइंस अपने व्यावसायिक हितों के अनुसार मार्गों और उड़ानों का चयन करने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में नई उड़ानों की शुरुआत का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस पर निर्भर करेगा।

फिलहाल, यात्रियों और श्रद्धालुओं को इन नई उड़ानों के शुरू होने का इंतजार है, जिससे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर हो सकेगी।