आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कंटेनर ने एक के बाद एक दो ऑटो को रौंद दिया। मृतक और घायल सभी लोग जगन्नाथ पुरी की यात्रा से लौट रहे थे और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से ऑटो द्वारा अपने गांव जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव भादउ निवासी सात लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए रवाना हुए थे। दर्शन के बाद शनिवार को वे जबलपुर से ट्रेन द्वारा आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां से उन्होंने अपने गांव लौटने के लिए ऑटो बुक किया। ऑटो में बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह और उदय सिंह सवार थे। ऑटो चालक का नाम शाहिद बताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। एसएन मेडिकल कॉलेज में पांच मृतकों के शव लाए गए, जिनकी पहचान बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह (रिटायर्ड दारोगा), बिल्ला मिस्त्री और शाहिद के रूप में हुई है। वहीं धनप्रसाद को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि विजय सिंह और उदय सिंह का यमुना पार स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।