गैरसैंण। स्थायी राजधानी की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेताओं के खिलाफ गैरसैंण थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यूकेडी नेता आशीष नेगी, द्वारहाट के पूर्व विधायक पुष्पेष त्रिपाठी सहित कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और नियमों का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने जैसी सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष मनोज सिरौला ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नौ मार्च को स्थायी राजधानी की मांग को लेकर विधानसभा कूच के दौरान दिवालीखाल में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरियर पार कर दिए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

इधर, उत्तराखंड क्रांति दल के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जनपद मुख्यालय में प्रदर्शन किया। उक्रांद के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकर्ता बेलणी टैक्सी स्टैंड से जुलूस निकालते हुए मुख्य बाजार तक पहुंचे। इस दौरान हनुमान चौक पर सरकार का पुतला दहन किया गया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैरसैंण के मुद्दे पर सरकार बार-बार जनता को भ्रमित कर रही है। उनका कहना था कि सरकार केवल औपचारिकता निभाने के लिए कुछ दिनों के लिए विधानसभा सत्र आयोजित करती है, जिससे जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गैरसैंण को जल्द स्थायी राजधानी घोषित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है तो उक्रांद आंदोलन को और तेज करेगा।