हल्द्वानी। रानीबाग क्षेत्र के प्रतापगढ़ी में आयोजित जल संस्थान के एक शिविर के दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य महेश सिंह पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी बीडीसी सदस्य संदीप राणा और उसके भाई संतोष राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा के अनुसार, चौहानपाटा रानीबाग निवासी महेश सिंह की तहरीर पर कार्रवाई की गई। महेश ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत ने उन्हें भगवती बिष्ट के आवास पर आयोजित जल संस्थान शिविर में बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद संदीप राणा और संतोष राणा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे।

महेश सिंह के अनुसार, जैसे ही वह मौके पर पहुंचे, संतोष राणा ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया, जबकि संदीप राणा ने उनके सिर पर डंडे से वार किया। एक अन्य वार उनकी आंख के पास लगा, जिससे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव के दौरान भगवती बिष्ट और धीरज बिष्ट भी घायल हो गए।

घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को महेश सिंह के समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं काठगोदाम थाने पहुंचीं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया। इसके बाद समर्थकों ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन में करीब आधे घंटे तक धरना भी दिया।

देर शाम संदीप राणा के समर्थक भी थाने पहुंचे और पूर्व प्रधान के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।