देहरादून। प्रदेश में दायित्वधारियों की पांचवीं सूची जल्द जारी होने की संभावना है। इसे लेकर शासन और संगठन स्तर पर अंदरखाने कवायद तेज कर दी गई है। गोपन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों से उनके विभागों में खाली पड़े अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य पदों का विस्तृत ब्योरा तलब किया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि नई सूची के लिए नामों पर अंतिम मुहर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कैबिनेट विस्तार और दायित्वधारियों की नियुक्ति को राजनीतिक संतुलन साधने का अहम जरिया माना जा रहा है। विधायकों में मंत्रिमंडल में शामिल होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं, वहीं कई वरिष्ठ नेता विभिन्न विभागों में दायित्व मिलने का इंतजार कर रहे हैं। संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अधिकांश नाम तय हो चुके हैं, केवल शीर्ष स्तर से अंतिम स्वीकृति बाकी है।
प्रदेश में इससे पहले चार बार दायित्वधारियों की सूची जारी की जा चुकी है। पहली सूची 27 सितंबर 2023 को जारी हुई थी, जिसमें 10 नेताओं को दायित्व सौंपा गया था। इसके बाद 14 दिसंबर 2023 को दूसरी सूची जारी हुई, जिसमें 11 नाम शामिल थे। तीसरी सूची 1 अप्रैल 2024 को जारी की गई, जिसमें 20 नेताओं को दायित्व मिला। वहीं, 4 अप्रैल 2024 को चौथी सूची जारी कर 18 नेताओं को विभिन्न विभागों में जिम्मेदारी दी गई थी।
अब पांचवीं सूची को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि यह सूची जल्द ही सार्वजनिक कर दी जाएगी, जिससे संगठन और सरकार के भीतर नई राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी।
